सैदपुर : फुलवारी कलां में फिर अजगर मिलने से ग्रामीणों में बढ़ी दहशत, अजगर का कुनबा होने की आशंका तेज





सैदपुर। क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव में एक बार फिर अजगर मिलने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। रविवार की रात गांव निवासी विशाल सिंह के खेत में करीब पांच फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। इसकी जानकारी होने पर गांव के साहिल सिंह, रोहित यादव, प्रियांशु सिंह, लकी सिंह सहित अन्य युवकों ने रात के अंधेरे में जाल लगाकर किसी तरह अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गई। विशाल ने बताया कि पकड़ा गया अजगर आकार में करीब पांच फीट लंबा था और देखने में बच्चा प्रतीत हो रहा था। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व भी इसी गांव में एक विशालकाय अजगर मिला था। अब दोबारा अजगर मिलने से ग्रामीणों में इलाके में अजगरों का कुनबा होने की आशंका जताई जा रही है। लगातार अजगर मिलने से खेतों में काम करने वाले किसानों और आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और अजगरों की मौजूदगी का पता लगाने की मांग की है। इस बाबत वन दारोगा निशिकांत सोनकर ने बताया उक्त अजगर को कर्मी भेजकर रेस्क्यू करा लिया गया है। जहां तक अजगर के कुनबे की बात है तो इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। परसों मैं खुद आकर वहां निरीक्षण करूंगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : बाइक-कार की टक्कर के बाद सर्विस लेन पर खड़ी कार में अज्ञात ने लगाई आग, शीशे तक पिघले लेकिन सीएनजी टैंक बचने से टला बड़ा हादसा
कासिमाबाद : पुराने विवाद में बदमाशों ने किया दो युवकों पर हमला, इलाज के लिए ले जाते समय एक की मौत, परिजनों में कोहराम >>