गहमर : पूजा समारोह से लौट रहे किशोर को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, इकलौते बेटे की मौत से मचा कोहराम, 2 घायल





गहमर। पूजा समारोह से दोस्तों के साथ घर लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में जान चली गई। क्षेत्र के सेवराई गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास बीती रात पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने किशोर को टक्कर मार दी। जिसमें अस्पताल में उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में बाइक सवार दोनों युवक भी घायल हो गए। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव निवासी शंभू गुप्ता का 15 वर्षीय पुत्र यश कुमार गुप्ता शनिवार की रात अपने मित्रों के साथ परेमन शाह पोखरा पर आयोजित पूजा समारोह देखने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान कंपोजिट विद्यालय के पास पीछे से आ रही अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से यश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में बाइक चला रहे लहना निवासी 22 वर्षीय गोलू कुशवाहा पुत्र अशोक कुशवाहा और बाइक पर सवार 21 वर्षीय अमन राजभर पुत्र यशवंत राय भी घायल हो गए। गोलू को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं अमन राजभर का स्थानीय निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के बड़े पिता योगेंद्र कुमार गुप्ता ने बाइक चालक गोलू कुशवाहा के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस बाबत चौकी प्रभारी एसपी पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मृतक के बड़े पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक यश तीन बहनों का इकलौता भाई व माता पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। बेटे/भाई की मौत के बाद माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : पुश्तैनी संपत्ति के हिस्से के विवाद में कलयुगी बेटों ने पत्नियों के साथ मिलकर पिता को पीटा, मां ने दो बेटे व बहुओं के खिलाफ दी तहरीर
दुल्लहपुर : कंप्यूटर कोचिंग के लिए निकली छात्रा तीन दिन से हुई लापता, पिता ने युवक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा >>