दुल्लहपुर : पुश्तैनी संपत्ति के हिस्से के विवाद में कलयुगी बेटों ने पत्नियों के साथ मिलकर पिता को पीटा, मां ने दो बेटे व बहुओं के खिलाफ दी तहरीर

दुल्लहपुर। पारिवारिक संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर चल रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा। क्षेत्र के पोपरहा (धर्मागतपुर) गांव में कथित तौर पर दो बेटों ने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर पिता की पिटाई कर दी। घटना में मोहन चौहान को गंभीर चोटें आई हैं। मामले में उनकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना तीन दिन पूर्व की बताई जा रही है। परिवार में हिस्से को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों बेटों और उनके पिता के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों बेटों ने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर मोहन चौहान के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल की पत्नी उषा देवी ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने अपने दोनों बेटों, बहुओं तथा एक बेटे के साले को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर उनके पति के साथ मारपीट की। पुलिस ने उषा देवी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

