दुल्लहपुर : कंप्यूटर कोचिंग के लिए निकली छात्रा तीन दिन से हुई लापता, पिता ने युवक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

दुल्लहपुर। कंप्यूटर कोचिंग के लिए घर से निकली एक छात्रा के तीन दिन बाद भी वापस नहीं लौटने से परिवार परेशान है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने मऊ जनपद के एक युवक पर बेटी को गायब करने की आशंका जताते हुए उसके खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। दुल्लहपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा गुरुवार को दोपहर करीब तीन बजे साइकिल से देवा गांव स्थित शौर्य कंप्यूटर सेंटर पर कोचिंग करने के लिए घर से निकली थी। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे और उसके बारे में जानकारी ली। पिता ने बताया कि कोचिंग सेंटर पर छात्रा की साइकिल खड़ी मिली, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पिता ने मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खुरहट (रामपुर बखरिया) गांव निवासी अमन यादव के खिलाफ तहरीर देकर आशंका जताई है। उनका कहना है कि पहले भी बेटी और उक्त युवक के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत को लेकर परिवार की ओर से दोनों को समझाया गया था। आरोपित युवक का ननिहाल जलालाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बताया गया है, जहां रहकर वह पढ़ाई करता था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रा की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।

