सैदपुर : मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, राजनैतिक दलों संग बैठक कर एसडीएम ने की अपील, नई महिला मतदाता बनाने पर जोर





सैदपुर। तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय में विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो गया है। इसके तहत सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का सत्यापन कर आवश्यक कार्यवाही करेंगे। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। वहीं मृतक, शादी के बाद दूसरे स्थान पर बस चुके अथवा अन्यत्र निवास करने वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से किसी का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरना अनिवार्य है। नए मतदाताओं का नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में नाम, पता आदि संशोधित कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बीएलओ और बीएलए आपस में समन्वय स्थापित कर निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। तहसीलदार हिमांशु सिंह ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष रूप से उन महिलाओं को चिह्नित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। ऐसे पात्र महिला मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किया जाए। बैठक में नायब तहसीलदार सुमन यादव, कर्मचारी गोविंद सिंह सहित भाजपा से अमित सिंह, सपा से कमलेश यादव, गोविंद यादव व सुरेंद्र यादव तथा कांग्रेस से हर्ष पांडेय और राघवेंद्र कुमार आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : जिले के सात बीईओ को शासन ने भेजा गैरजनपद, तबादला होकर आए आठ नए बीईओ
सैदपुर : ‘रामायण’ फिल्म में रावण के महिमामंडन पर हिंदू जनजागृति समिति ने जताई नाराजगी, पार्ट 2 के बहिष्कार की दी चेतावनी >>