सैदपुर : ‘रामायण’ फिल्म में रावण के महिमामंडन पर हिंदू जनजागृति समिति ने जताई नाराजगी, पार्ट 2 के बहिष्कार की दी चेतावनी





सैदपुर। 2026 में ही आयी फिल्म ‘रामायण’ के कथानक और विभिन्न दृश्यों को लेकर हिंदू जनजागृति समिति ने आपत्ति जताई है। समिति ने आरोप लगाया कि फिल्म में रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर महर्षि वाल्मीकि की रामायण के मूल प्रसंगों से अलग चित्रण किया गया है। इसे लेकर समिति ने फिल्म के दूसरे भाग के प्रदर्शन पर विरोध की चेतावनी दी है। साथ ही केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। समिति ने कहा कि रामायण करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा ग्रंथ है। इसलिए इस पर आधारित फिल्मों में मूल कथानक और पात्रों के चरित्र चित्रण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में रावण को गरीबों और शोषितों का हितैषी बताकर उसका महिमामंडन किया गया है, जबकि भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के व्यक्तित्व एवं पराक्रम को अपेक्षित रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है। समिति ने शूर्पणखा प्रसंग, माता सीता और लक्ष्मण के बीच संवाद तथा भगवान श्रीराम और परशुराम से जुड़े दृश्यों पर भी सवाल उठाए हैं। कहा कि लक्ष्मण के त्याग, समर्पण और निष्ठा से जुड़े मूल चरित्र को भी फिल्म में अलग अंदाज में दिखाया गया है। माता सीता के अपहरण और रावण के साथ युद्ध से जुड़े प्रसंगों के चित्रण पर भी समिति ने असहमति जताई। समिति ने मांग किया कि धार्मिक ग्रंथों पर आधारित फिल्मों को प्रमाणपत्र देने से पहले सेंसर बोर्ड उनकी विषयवस्तु की गंभीरता से समीक्षा करे। फिल्म के दूसरे भाग के प्रदर्शन से पूर्व उसे संतों और रामायण के विद्वानों को दिखाकर आपत्तिजनक बताए जा रहे दृश्यों में आवश्यक सुधार किया जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि दूसरे भाग में भी कथित रूप से मूल रामायण के प्रसंगों से छेड़छाड़ जारी रही तो देशभर में फिल्म का विरोध और बहिष्कार किया जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, राजनैतिक दलों संग बैठक कर एसडीएम ने की अपील, नई महिला मतदाता बनाने पर जोर
दिलदारनगर : सीजन के पहले घने कोहरे ने पहले ही दिन मचाई तबाही, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सात वाहनों की टक्कर में युवक की मौत >>