बलिया : 37 रेल पेंशनरों को जारी किया गया डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र, अभियान 5.0 के तहत लगाया गया शिविर

बलिया। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के लेखा विभाग की ओर से बुधवार को बलिया में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0 के तहत पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें 37 पेंशनरों ने सहभागिता की। सभी का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर जारी किया गया। ंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने और ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान पेंशनरों को डिजिटल प्रमाण-पत्र तैयार करने में आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई। साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याओं और जिज्ञासाओं को सुनकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य पेंशनरों को घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करना और उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। संचालन वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी पूनम कुमारी, वरिष्ठ लेखाकार विकास कुमार पांडेय और कार्यालय सहायक प्रमोद कुमार ने किया।

