वाराणसी : डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान में 50 रेल पेंशनरों को मिली सुविधा, मंडलीय अस्पताल में शिविर लगाकर किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल चिकित्सालय में बुधवार को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0 के तहत सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें 50 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर जारी किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरजे चौधुरी के नेतृत्व में आयोजित शिविर का संचालन कार्मिक एवं चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। शिविर में पहुंचे पेंशनरों का रक्तचाप और रक्त संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही उन्हें डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की उपयोगिता तथा ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने पेंशनरों को डिजिटल व्यवस्था अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से पेंशनर घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कार्यालयों और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा समय और श्रम की बचत होगी। इस मौके पर सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता कुमारी, पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव आदि रहे।

