अनौनी : दर्शन कर लौट रहे अधेड़ को टक्कर मार तेज रफ्तार अज्ञात कार हुई फरार, मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल, बेटा घायल

अनौनी। मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन कर घर लौट रहे अधेड़ की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। खानपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर के पास अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके बेटे पंकज को मामूली चोट आई, जबकि बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र के ठाठा गांव निवासी बाबूलाल राम (45) पुत्र स्व. बरसाती राम अपने दो साथियों के साथ मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करने गए थे। वापसी में औड़िहार पहुंचने पर उन्होंने अपने बेटे पंकज को फोन कर घर आने की जानकारी दी। इसके बाद पंकज बाइक लेकर औड़िहार पहुंचा और पिता को बैठाकर घर के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान गजाधरपुर के पास अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बाबूलाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए पुलिस जानकारी जुटा रही है। बाबूलाल घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। उनके तीन पुत्र पंकज, अंगद और अमन तथा एक पुत्री संगीता है। पति के सकुशल लौटने का इंतजार कर रहीं पत्नी निशा देवी को जैसे ही हादसे में उनकी मौत की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। दर्शन यात्रा से घर लौटने की खुशी पलभर में मातम में बदल गई।

