गाजीपुर : त्योहार के बाद यात्रियों की वापसी के लिए रेलवे ने बढ़ाई तैयारी, 286 विशेष ट्रेनें चला रहा पूर्वाेत्तर रेलवे, रेलमंत्री खुद कर रहे निगरानी

गाजीपुर। त्योहारों के बाद बिहार से विभिन्न शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रेल मंत्री स्वयं पूरे नेटवर्क पर यात्रियों की आवाजाही और परिचालन व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पूर्वाेत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर कुल 286 विशेष ट्रेनें 2118 फेरों में चलाई जा रही हैं। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्वाेत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। यात्रियों की संख्या के अनुसार आरक्षित और अनारक्षित विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण के लिए गोरखपुर जंक्शन पर पांच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इसके अलावा बनारस, देवरिया सदर, बलिया, सीवान और छपरा स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इनमें बैठने, पेयजल, साफ-सफाई, उद्घोषणा और ट्रेनों की जानकारी देने वाले संकेतकों की व्यवस्था की गई है। वहीं, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए वाणिज्यिक कर्मचारियों तथा मेडिकल टीमों को भी लगाया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे कर्मचारियों का सहयोग करें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

