गाजीपुर : 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर दिया धरना, सरकार के रवैये पर नाराजगी जता सीएम को भेजा पत्र

गाजीपुर। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला शाखा की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को पुरजोर तरीके से उठाते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से उनमें नाराजगी है। इस दौरान धरने में वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी से जुड़े मामलों में राहत, शिक्षकों की पदोन्नति, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, चयन वेतनमान और अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तार से अपनी बात रखी। जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि शिक्षकों की मांगों के प्रति शासन और सरकार का रवैया उदासीन बना हुआ है। सरकार को समय रहते शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। अन्यथा शिक्षक भी आगामी चुनाव में सरकार के प्रति अपने रुख पर विचार करने के लिए मजबूर होंगे। वहीं, जिलामंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने शिक्षकों से अपनी मांगों के प्रति एकजुट और दृढ़ संकल्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित फूट डालो और राज करो की नीति के प्रति सजग रहते हुए शिक्षकों को अपनी चट्टानी एकता बनाए रखनी होगी। धरने के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे तहसीलदार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि ने ज्ञापन को उचित माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष भगवानी तिवारी, दीपक जायसवाल, राजीव ओझा, नीलम, वीरेंद्र यादव, विजेंद्र यादव, राजेश सिंह, आलिम, महातिम यादव, अरुण राय, बृजेश यादव आदि रह। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव व संचालन जिलामंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने किया।

