अनौनी : करमपुर की हॉकी टीम ने जीती ऑल इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी, फाइनल में झांसी को 3-2 से हराकर हासिल की खिताबी जीत





अनौनी। करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम अकादमी की हॉकी टीम ने मौलाना सलीम जाफरी मेमोरियल ऑल इंडिया हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी सीजन-6 का खिताब जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। हमीरपुर के मौदहा में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में करमपुर की टीम ने झांसी को 3-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता टीम को 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बुधवार को करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम में विजेता खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित डीएसपी राजकुमार पाल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को मैदान पर धैर्य बनाए रखने, टीम भावना के साथ खेलने, आपसी तालमेल मजबूत रखने और अंतिम समय तक संघर्ष करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही बड़ी सफलता का आधार है। स्टेडियम संचालक अनिकेत सिंह और मुख्य कोच इंद्रदेव राजभर ने भी खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि करमपुर के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित किया है कि मेघबरन सिंह स्टेडियम राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। टीम की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : अमुआरा में विराट कुश्ती दंगल का ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव ने किया शुभारंभ, पहलवानों ने दिखाया दमखम
गाजीपुर : 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर दिया धरना, सरकार के रवैये पर नाराजगी जता सीएम को भेजा पत्र >>