सैदपुर : अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष का पूजन कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना, मंदिरों में जुटे श्रद्धालु, वृक्ष के नीचे परिवार संग ग्रहण किया प्रसाद





सैदपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी यानी अक्षय नवमी पर बुधवार को नगर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महिलाओं और पुरुषों ने आंवले के पेड़ के नीचे भोजन तैयार कर परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण किया। नगर के बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर, रंगमहल स्थित श्रीश्री 1008 बाबा श्यामदास जी की तपोस्थली परिसर और रामघाट स्थित देवी मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालु सुबह से ही पूजन सामग्री लेकर मंदिर परिसरों में पहुंचने लगे। आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की मंगलकामना की। इसके बाद पेड़ के नीचे भोजन तैयार कर परिवार के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। रामघाट स्थित देवी मंदिर परिसर में विदेशी बाबा की ओर से भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा, दान-पुण्य और उसके नीचे भोजन करने का विशेष महत्व है। पद्म पुराण में भी इस तिथि की महिमा का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि इसी दिन द्वापर युग का आरंभ हुआ था। आंवले के वृक्ष को भगवान विष्णु का प्रिय माना जाता है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु हर वर्ष कार्तिक शुक्ल नवमी को पूजन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : सीता वनवास और लव-कुश के शौर्य का मंचन देख भावुक हुए दर्शक, समाजसेवी मनोज सिंह ने उतारी आरती
अनौनी : अमुआरा में विराट कुश्ती दंगल का ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव ने किया शुभारंभ, पहलवानों ने दिखाया दमखम >>