अनौनी : अमुआरा में विराट कुश्ती दंगल का ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव ने किया शुभारंभ, पहलवानों ने दिखाया दमखम

अनौनी। क्षेत्र के अमुआरा भीमापार में बुधवार को स्व. रामचंद्र यादव पहलवान की स्मृति में विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। इसके बाद दो दर्जन से अधिक पहलवानों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी जुटे रहे। प्रतियोगिता में आशीष यादव भीमापार ने आदित्य आजमगढ़ को पराजित किया। भीम यादव करमपुर और सुनील यादव नारायणपुर के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। आदर्श यादव ने भुजड़ी के रिंकू को शिकस्त दी। वहीं सुनील यादव सारनाथ और निगम यादव जौनपुर तथा सौरव यादव करमपुर और दिलीप यादव मिर्जापुर के बीच मुकाबले बराबरी पर रहे। प्रतियोगिता की 25 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में भी दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकल सका। बतौर विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रकाश यादव सहित अदालत पहलवान, रामजी पहलवान, दुलसिंगार पहलवान, प्रकाश, वीरेंद्र यादव वीरू, माधव यादव, रविंद्र सिंह यादव, मंगल सिंह यादव, लालू यादव, मनमोहन यादव, अध्यक्ष निठुरी यादव, कैलाश यादव, नगीना यादव आदि रहे।

