सैदपुर : सीता वनवास और लव-कुश के शौर्य का मंचन देख भावुक हुए दर्शक, समाजसेवी मनोज सिंह ने उतारी आरती

सैदपुर। माता सीता के वनवास, लव-कुश के जन्म और उनके शौर्य की मार्मिक कथा ने पक्का घाट स्थित रामलीला मंच पर मौजूद दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जय भारत आर्ट की ओर से आयोजित संगीतमय नाटक ‘सीता वनवास’ का स्थानीय कलाकारों ने देर रात तक सजीव मंचन किया। विशेष रूप से लव-कुश कांड के प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कई मार्मिक दृश्यों के दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी मनोज सिंह, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष इंद्रसेन सिंह व विजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लीला प्रारंभ होने के बाद समाजसेवी मनोज सिंह ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और रामभक्त हनुमान की आरती उतारी। मंचन में दिखाया गया कि लोकापवाद के चलते प्रभु श्रीराम माता सीता को वनवास भेज देते हैं। इसके बाद महर्षि वाल्मीकि के आश्रम में माता सीता लव और कुश को जन्म देती हैं। महर्षि वाल्मीकि दोनों बालकों को संस्कारों के साथ शस्त्र और शास्त्र की शिक्षा प्रदान करते हैं। बड़े होने पर लव-कुश प्रभु श्रीराम के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को रोक लेते हैं। इसके बाद श्रीराम की सेना और दोनों बालकों के बीच युद्ध का प्रसंग मंचित किया गया। पिता-पुत्र के अनजाने संघर्ष, माता सीता के त्याग और लव-कुश के शौर्य से जुड़े दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। स्थानीय कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवाद और संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से पूरी कथा को जीवंत कर दिया। मंचन रात करीब एक बजे तक चलता रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूरी तन्मयता से लीला का आनंद लेते रहे। इस मौके पर अजय पाठक, धर्मेंद्र कुमार, मंजीत जायसवाल, बद्रीप्रसाद शर्मा आदि रहे।

