अनौनी : टोल बचाने के चक्कर में खानपुर-तेलियानी सड़क पर बढ़ा वाहनों का दबाव, तीन किमी तक सड़क हुई गड्ढों में तब्दील

रानू पांडेय
अनौनी। कैथी स्थित प्लाजा पर टोल टैक्स बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल हो रही खानपुर-तेलियानी सड़क अब बदहाली का शिकार हो गई है। गदनपुर से बाबतपुर घाट तक करीब तीन किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से होकर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। टोल टैक्स से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क की डामर परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढों से बचकर निकलने के प्रयास में दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग खानपुर क्षेत्र को वाराणसी से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराकर इसे आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।

