अनौनी : चोरी करने की फिराक में घूम रहे तीन शातिर चोर गिरफ्तार, दो तमंचे सहित चोरी की बाइक बरामद, तीनों पर दर्ज हैं कुल 18 मुकदमे

अनौनी। खानपुर थानाक्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपितों को खानपुर पुलिस ने मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की अपाचे बाइक, दो अवैध तमंचे व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में सुल्तान के खिलाफ अलग-अलग थानों में 11, सेचू बिंद पर 1 व रोहित के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लाल-काली अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक औड़िहार की तरफ से ईशोपुर-रामपुर होते हुए सिधौना बाजार की ओर जा रहे हैं। उनके पास अवैध असलहे हैं और वे चोरी की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर मंगलवार को तड़के करीब 3ः50 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सुल्तान पुत्र सुलेमान निवासी अंधऊ, सेचू बिंद पुत्र विश्राम बिंद और रोहित यादव पुत्र महेश यादव निवासी गोड़ा देहाती, थाना कोतवाली गाजीपुर बताया। एसओ ने बताया कि सुल्तान, सेचू व रोहित के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। टीम में एसआई सुधीर कुमार राय, कां. अंकित सिंह, राहुल सिंह, रितिक मिश्रा, राकेश पाल, ओमप्रकाश यादव, नवनीत पांडेय आदि रहे।

