छपरा : महापर्व छठ के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए डीआरएम ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, संरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

छपरा। छठ महापर्व के बाद घर लौट रहे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार की रात छपरा स्टेशन, दाउदपुर स्टेशन और छपरा-सीवान रेलखंड के समपारों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की भीड़, यात्री आश्रय, चिकित्सा सहायता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और ट्रेनों के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्री आश्रय में मौजूद यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। उन्होंने अधिकारियों को प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ाने तथा उद्घोषणा प्रणाली से ट्रेनों की सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद डीआरएम ने वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद के साथ दाउदपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पैनल इंटरलॉकिंग, आपातकालीन बटन, संकेतक, डिस्प्ले, संचार उपकरण, समपार फोन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता जांची। छपरा-सीवान रेलखंड पर समपार संख्या 58सी और 57ए स्पेशल का भी रात्रिकालीन निरीक्षण किया। इस दौरान गेट बैरियर, सिग्नल, प्रकाश व्यवस्था, हैंड सिग्नल, संरक्षा अभिलेख और अन्य उपकरणों की जांच की गई। संबंधित गेटमैन को निर्धारित संरक्षा नियमों का पूरी सतर्कता से पालन करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि यात्री सुविधाओं में सुधार के साथ रेल संरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, सहायक सुरक्षा आयुक्त एनएम यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

