भीमापार : जिले के 2266 विद्यालयों में शुरू हुई अर्धवार्षिक परीक्षा, पहले दिन 85 से 90 प्रतिशत रही उपस्थिति

भीमापार। गाजीपुर जिले के 2266 परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में मंगलवार से कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 85 से 90 प्रतिशत के बीच रही। परीक्षा को लेकर सुबह से ही विद्यालयों में चहल-पहल रही। विद्यार्थी निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचे और कक्षाओं में बैठकर प्रश्नपत्र हल किए। पहली पाली में कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों की गणित विषय की परीक्षा हुई। कक्षा चार, पांच और छह के विद्यार्थियों ने हिंदी का प्रश्नपत्र हल किया, जबकि कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों की विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने संस्कृत और उर्दू विषय की परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाएं कक्षावार विद्यार्थियों को बैठाने और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। शिक्षकों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अर्धवार्षिक परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के अब तक के शैक्षिक ज्ञान और विषयों की समझ का आकलन किया जाएगा। इसके परिणाम से शिक्षकों को कमजोर विषयों और विद्यार्थियों को अतिरिक्त शिक्षण सहयोग की जरूरत का पता चल सकेगा। बुधवार को प्रथम पाली में कक्षा तीन की हिंदी तथा कक्षा चार से आठ तक की सामाजिक विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा दो से आठ तक के विद्यार्थी अंग्रेजी विषय की परीक्षा देंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी और एआरपी को विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

