शादियाबाद : मड़ई में सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मौत के पहले मित्रों संग की थी पार्टी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शादियाबाद। थानाक्षेत्र के चौबहां गांव में सोमवार की रात एक मड़ई में सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी अभिषेक कुमार (36) सोमवार की रात गांव के बाहर स्थित एक मड़ई में अपने मित्रों के साथ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वहां सभी ने शराब भी पी थी। देर रात अन्य मित्र अपने घर चले गए, जबकि अभिषेक और उनका मित्र बबलू वहीं सो गए। मंगलवार सुबह बबलू की नींद खुली तो अभिषेक मृत अवस्था में मिले। उसने इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी। इसके बाद परिजन शव को चारपाई पर रखकर घर ले आए। सूचना पर सीओ रामकृष्ण तिवारी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अभिषेक अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा देवी, दो बेटियां सृष्टि (7), सरेहा (3) और पांच वर्षीय पुत्र आयुष हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

