जखनियां : अक्षय नवमी पर है भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा कर उसके नीचे भोजन करने का विशेष महत्व, होगा आयोजन

जखनियां। सनातन धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को आंवला नवमी भी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा करने की परंपरा है। आचार्य आदित्य पाराशर ने बताया कि अक्षय नवमी अत्यंत पुण्यदायी तिथि मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए पूजा-पाठ, जप-तप, दान-पुण्य और सत्कर्मों का फल अक्षय होता है। इस दिन सुबह स्नान के बाद भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इसके बाद आंवले के वृक्ष के समीप दीप जलाकर रोली, अक्षत, पुष्प, धूप और नैवेद्य से पूजन किया जाता है। आंवले के वृक्ष की परिक्रमा का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर प्रसाद के रूप में वितरित करते हैं। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं में आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना गया है। इस दिन अन्न, वस्त्र और फल आदि का दान करना भी पुण्यकारी माना जाता है। आंवला औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण स्वास्थ्य और आरोग्यता का प्रतीक भी है। यह पर्व धर्म, सेवा, परोपकार और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है।

