भांवरकोल : छठ पूजा के लिए घर बंद कर गए दो घरों में हुई चोरी, तीन लाख के आभूषण और नकदी ले गए चोर

भांवरकोल। थानाक्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को छठ पूजा के बाद घर लौटने पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शेरपुर खुर्द गांव निवासी राधाकिशुन चौधरी और उनके पड़ोसी पुतुल चौधरी के परिवार सोमवार की भोर करीब चार बजे घरों में ताला बंद कर महिलाओं के साथ छठ पूजा के लिए सार्वजनिक सरोवर स्थित घाट पर गए थे। बताया जाता है कि इसी दौरान चोर छत के रास्ते दोनों घरों में दाखिल हुए और कमरों में रखे बक्सों को तोड़कर आभूषण व नकदी लेकर चले गए। पूजा के बाद घर लौटने पर परिजनों ने बक्से टूटे देखे तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

