मरदह : दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग का आरोप, पति पर तीन तलाक देकर घर निकालने की तहरीर के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मरदह। थानाक्षेत्र के एक गांव निवासिनी विवाहिता ने अपने पति पर दहेज में पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग करने, मारपीट कर प्रताड़ित करने तथा तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरहाबंधा कोड़री गांव निवासी मुनव्वर अली की पुत्री इशरत जहां ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह 4 अगस्त 2018 को आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गजहड़ा लोहारा गांव निवासी सुभान के पुत्र परवेज के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति नशा करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाने लगा। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग करता रहा। इसके अलावा सऊदी अरब में रह रहे उसके पिता से हर महीने रुपये मंगाने का दबाव बनाया जाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे ताने दिए जाते और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। विवाहिता ने पति पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि इस बात का विरोध करने पर पति गाली-गलौज और मारपीट करता था। तहरीर के मुताबिक बीते 12 सितंबर को पति ने उसके साथ मारपीट की और एक ही बार में तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पीड़िता का एक छोटा बच्चा भी है। घर से निकाले जाने के बाद वह बच्चे के साथ मायके में रह रही है। इस बाबत थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

