मरदह : फोरलेन पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर, कार चालक गिरफ्तार





मरदह। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर थानाक्षेत्र के महेगवा गांव के पास सोमवार की भोर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए मऊ जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विश्वजीत कुमार उर्फ गोलू (26) निवासी पहाड़ीपुर, मुहम्मदाबाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चला रहे शोभनाथ (25) निवासी महेंगवा का उपचार चल रहा है। विश्वजीत अपनी मां रीना देवी के साथ महेंगवा गांव स्थित ननिहाल में सोमवार को होने वाले तिलक समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार की भोर में वह रिश्तेदारों के यहां आए एक बुजुर्ग की तलाश में शोभनाथ के साथ बाइक से बरही की ओर गया था। वहां से लौटते समय महेगवा गांव के पास गाजीपुर की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक अभय निवासी जखनियां, भुड़कुड़ा को हिरासत में ले लिया। मृतक के मामा रामविलास राम की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक विश्वजीत दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। बचपन में ही उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसका पालन-पोषण ननिहाल महेंगवा में हुआ। वह गोवा में निजी नौकरी करता था और तीन दिन पहले ही घर लौटा था। तिलक समारोह की तैयारियों के बीच हादसे की खबर से परिवार में शोक छा गया। मां रीना देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : घने कोहरे में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व डाला छठ का समापन, काजल किन्नर के हाथ से सिंदूर लगवाने को उमड़ी सुहागिनें
मरदह : दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग का आरोप, पति पर तीन तलाक देकर घर निकालने की तहरीर के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा >>