सैदपुर : घने कोहरे में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व डाला छठ का समापन, काजल किन्नर के हाथ से सिंदूर लगवाने को उमड़ी सुहागिनें

सैदपुर। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धापूर्वक और सकुशल संपन्न हो गया। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करने से पहले भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। नगर के पक्का घाट, बूढ़ेनाथ महादेव घाट, महावीर घाट, संगत घाट, रामघाट और रंगमहल सहित कुल 13 घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भोर से ही घाटों पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूप, दउरा, फल-फूल और पूजन सामग्री से सजे घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु पूरी रात घाटों पर डटे रहे। निर्धारित समय से करीब आधे घंटे की देरी से सुबह सात बजे भगवान भास्कर के दर्शन होने पर व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से अर्घ्य दिया। सूर्य की पहली किरण के साथ ही घाटों पर छठी मइया के जयकारे गूंज उठे। अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया और परिवार के साथ व्रत का समापन किया। इस बार बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर कटानरोधी बोल्डर लगवाए जाने के कारण उपलब्ध जगह काफी कम हो गई थी। इसके चलते पिछले वर्षों की अपेक्षा वहां व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की संख्या लगभग आधी रह गई। जगह की कमी के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समीप स्थित पक्का घाट का रुख किया। परिणामस्वरूप पक्का घाट पर हर बार की अपेक्षा करीब डेढ़ गुनी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या को देखते हुए घाट पर पुलिसकर्मियों की लगातार तैनाती रही। भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए संचालक पंकज अग्रवाल लगातार उद्घोषणा करते रहे। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे से भी घाट और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जाती रही। महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नाव से विभिन्न घाटों का चक्रमण करती रहीं और जलस्तर, भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं। अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। विशेष रूप से अधिक भीड़ वाले पक्का घाट पर व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया गया। छठ पर्व के समापन के बाद पक्का घाट पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला। वहां मौजूद किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष काजल किन्नर से सिंदूर लगवाने और सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद लेने के लिए व्रती महिलाओं और सुहागिनों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने इसे सौभाग्य और मंगलकामना से जोड़ते हुए उनसे आशीर्वाद लिया। इस दौरान भावविभोर होकर काजल किन्नर घाट पर ही नृत्य करने लगीं। उनके नृत्य को देखने के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। पक्का घाट पर उमड़ी भारी भीड़ को सामान्य होने और घाट खाली होने में करीब एक घंटे का समय लग गया। वहीं, किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मुस्तैद रही। डॉ. दिनेश सिंह अपनी टीम के फार्मासिस्ट अतुल सिंह, अंकित सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ घाट पर तैनात रहे। इस तरह श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बावजूद प्रशासनिक सतर्कता, पुलिस की मुस्तैदी, ड्रोन निगरानी और स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धता के बीच सैदपुर के सभी 13 घाटों पर चार दिवसीय डाला छठ महापर्व सकुशल संपन्न हो गया।

