अनौनी : सिधौना तिराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी भीषण टक्कर, शादी का कार्ड देकर लौट रहे बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

अनौनी। खानपुर थानाक्षेत्र के सिधौना बाजार स्थित हाईवे तिराहे पर सोमवार की सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। गौतम यादव की खरौना गांव में रिश्तेदारी है। वह अपने साथी नारायण साहनी के साथ शादी का निमंत्रण देने वहां आए थे। सोमवार सुबह करीब 5ः30 बजे दोनों बाइक से गाजीपुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिधौना तिराहे पर पीछे से आ रही मारुति स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नारायण साहनी पुत्र स्व. बाबूलाल साहनी निवासी मच्छोदरी, वाराणसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम यादव पुत्र पप्पू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी सुधीर राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

