सैदपुर : गंगा किनारे सभी घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, बूढ़ेनाथ, पक्काघाट, संगत, महावीर आदि घाटों पर उमड़ी भीड़, ड्रोन से हुई निगरानी





सैदपुर। लोक आस्था और सूर्याेपासना के महापर्व डाला छठ के तीसरे दिन रविवार को कार्तिक शुक्ल षष्ठी पर नगर और आसपास के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने धन-धान्य, आरोग्यता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। नगर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट, पक्काघाट, संगत घाट, महावीर घाट, रामघाट, रंगमहल घाट, कोल्हुआ घाट और औड़िहार स्थित वाराह रूप घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। रविवार की शाम होते ही सभी घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर पूजा सामग्री से सजा दउरा और हाथों में अखंड दीप लेकर घाटों की ओर पहुंचीं। घाटों पर पहले से बनाई गई वेदियों पर पूजा सामग्री सजाकर छठी मइया की आराधना की गई। सूर्यास्त के समय व्रती महिलाओं ने गंगा और अन्य जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया। इस दौरान मन्नत पूरी होने पर कुछ महिलाएं बैंड-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचीं। घरों से लेकर घाटों तक छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही। ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव, झांके झुकी और ऐ करेलू छठ व्रतिया से झांके झुकी’ जैसे लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी की। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। चौकी प्रभारी मनोज पांडेय सभी प्रमुख घाटों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष सोनकर और सभासद नाव से गंगा नदी में चक्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। नगर के प्रमुख रंगमहल घाट, पक्काघाट और बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों पर घाट सेवा समितियों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। यहां चाय-कॉफी के साथ अर्घ्य देने के लिए गाय के दूध की व्यवस्था भी की गई थी। छठ पर्व को लेकर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया गया। व्रती महिलाओं के कठिन निर्जला व्रत और सूर्याेपासना के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष आस्था देखने को मिली। इस तरह सैदपुर और औड़िहार के गंगा घाटों पर धर्म, परंपरा और लोक संस्कृति का अनुपम दृश्य दिखाई दिया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : ग्रामीणों ने श्रमदान कर की छठ घाट तक जाने वाले मार्ग की सफाई, व्रतियों को मिलेगी सहूलियत
भीमापार : अमृत सरोवर पर श्रद्धा के साथ मनाया गया डाला छठ, व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की संतान के दीर्घायु की कामना >>