भीमापार : अमृत सरोवर पर श्रद्धा के साथ मनाया गया डाला छठ, व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की संतान के दीर्घायु की कामना





भीमापार। क्षेत्र के मंगारी, सेमरौल और मखदुमपुर गांव स्थित अमृत सरोवरों के घाटों पर रविवार को लोक आस्था का महापर्व डाला छठ पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरोवरों के घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। रविवार की शाम होते ही छठ पर्व को लेकर घाटों पर चहल-पहल बढ़ने लगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं पूजा सामग्री, फल, फूल और प्रसाद से सजे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं। उनके साथ परिवार के सदस्य और ग्रामीण भी मौजूद रहे। घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सूर्यास्त के समय व्रती महिलाएं सरोवर के पानी में खड़ी होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मइया की आराधना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। परिवार के सदस्य पूजा की तैयारियों में सहयोग करते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान अमृत सरोवरों के आसपास छठी मइया के जयकारों और लोकगीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : गंगा किनारे सभी घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, बूढ़ेनाथ, पक्काघाट, संगत, महावीर आदि घाटों पर उमड़ी भीड़, ड्रोन से हुई निगरानी
देवकली : छठ माता की प्रतिमा का पट खोलकर किया गया महापर्व का शुभारंभ, अर्घ्य देने को गांगी किनारे उमड़ी भीड़ >>