करंडा : ग्रामीणों ने श्रमदान कर की छठ घाट तक जाने वाले मार्ग की सफाई, व्रतियों को मिलेगी सहूलियत





करंडा। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को देखते हुए भवानीपुर उर्फ तिवारीपुर गांव से गंगा घाट तक जाने वाले रास्ते की ग्रामीणों के सहयोग से साफ-सफाई कराई गई। बीडीसी गोविंद प्रजापति के निर्देशन में ग्रामीणों ने एकजुट होकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान रास्ते में फैली गंदगी और उगी झाड़ियों को हटाया गया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में रास्ते की साफ-सफाई और आवागमन को सुगम बनाना जरूरी था। अभियान के तहत रास्ते को साफ कर आने-जाने योग्य बनाया गया। बीडीसी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और स्वच्छता का भी संदेश देता है। घाट तक पहुंचने वाले मार्ग को साफ रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के सहयोग से यह पहल की गई है, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पर्व के दौरान भी स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : छठ के लिए पत्नी को छोड़ने ससुराल गया था पति, पीछे से बंद घर से लाखों के आभूषण व नकदी चोरी
सैदपुर : गंगा किनारे सभी घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, बूढ़ेनाथ, पक्काघाट, संगत, महावीर आदि घाटों पर उमड़ी भीड़, ड्रोन से हुई निगरानी >>