मरदह : छठ के लिए पत्नी को छोड़ने ससुराल गया था पति, पीछे से बंद घर से लाखों के आभूषण व नकदी चोरी

मरदह। थानाक्षेत्र के महेगवां गांव में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य घर से बाहर थे। चोरी की जानकारी होने पर गांव में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। महेगवां निवासी संतोष गुप्ता ने बताया कि छठ पर्व को लेकर वह शनिवार की शाम अपनी पत्नी को मायके छोड़ने गया था। इसी दौरान उसके छोटे भाई की पत्नी भी अपने मायके चली गई थी। घर पर उस समय उसकी मां अकेली थीं। वह घर के मुख्य दरवाजे पर ताला बंद कर गांव में दूध लेने चली गईं। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटीं और ताला खोलकर अंदर पहुंचीं तो कमरे में रखा छोटा बक्सा गायब मिला। बक्से में परिवार के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद रखे हुए थे। परिजनों ने आशंका जताई कि चोर घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और मौका पाकर बक्सा लेकर फरार हो गए। संतोष गुप्ता ने बताया कि परिवार ने वर्षों की मेहनत और कमाई से जो जमा पूंजी इकट्ठा की थी, चोर उसे लेकर चले गए। घटना से परिवार के लोग काफी परेशान हैं। पीड़ित ने चोरी के बाबत थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव की घनी आबादी के बीच हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में भी चिंता और भय का माहौल है।

