दिलदारनगर : ट्रेन की चपेट में आने से भदोही निवासी वृद्ध की मौत

दिलदारनगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाजार से आगे शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया। दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि ट्रेन संख्या 22360 के लोको पायलट ने सूचना दिया कि एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मृतक की पहचान प्रहलाद पुत्र लखन निवासी ग्राम कुसौली, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

