वाराणसी : रेलवे कॉलोनी में नवनिर्मित छठ घाट का महिलाओं ने किया शुभारंभ, डीआरएम ने घाट का निरीक्षण कर व्रतियों से लिया सुविधाओं का फीडबैक





वाराणसी। छठ महापर्व पर रेलवे कॉलोनी की व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने न्यू लोको कॉलोनी में नवनिर्मित छठ घाट तैयार कराया है। गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में रेलवे कॉलोनी की महिला निवासियों ने फीता काटकर छठ घाट का शुभारंभ किया। इस पहल से कॉलोनी की महिलाओं में खुशी देखने को मिली। शुभारंभ के बाद डीआरएम ने रेलवे के अधिकारियों के साथ नवनिर्मित छठ घाट का निरीक्षण किया। करीब 15 मीटर लंबे और सात मीटर चौड़े इस घाट पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट को और अधिक विकसित किया जाए तथा सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने छठ व्रत करने वाली महिलाओं से आत्मीय संवाद भी किया और घाट की सुविधाओं को लेकर उनके सुझाव एवं राय जानी। महिलाओं ने नवनिर्मित घाट के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे रेलवे कॉलोनी के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उन्होंने इस पहल के लिए मंडल रेल प्रबंधक और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में डीआरएम ने अधिकारियों के साथ छठ घाट के किनारे पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिवेश के विकास और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आरजे चौधरी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (आपरेशन) अजय कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अभिनव पाठक, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक आशीष शुक्ला, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, सहायक मंडल इंजीनियर (नगरीय) अरविंद पांडेय, स्टेशन निदेशक रामजी यादव, एससी-एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : अवैध वसूली के आरोप पर 710 छात्रों की मांग पर पीजी कॉलेज पहुंचे डीएम, अब कैंपस में 24 घंटे मुफ्त होगा बायोमेट्रिक, दोषियों पर मुकदमे का भरोसा
पतरहीं : छठ पूजा से पहले युवाओं ने श्रमदान कर पोखरे की कराई साफ-सफाई, व्रती महिलाओं को मिलेगी राहत >>