गाजीपुर : अवैध वसूली के आरोप पर 710 छात्रों की मांग पर पीजी कॉलेज पहुंचे डीएम, अब कैंपस में 24 घंटे मुफ्त होगा बायोमेट्रिक, दोषियों पर मुकदमे का भरोसा

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली और अव्यवस्थाओं की शिकायत पर गुरुवार को जिलाधिकारी ने महाविद्यालय पहुंचकर मौके का जायजा लिया। छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने बायोमेट्रिक की व्यवस्था कॉलेज परिसर के अंदर ही 24 घंटे निःशुल्क संचालित कराने तथा मशीनों और काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं, पूर्व में बायोमेट्रिक के नाम पर हुई कथित अवैध वसूली की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बताया गया कि 4 और 5 नवंबर को छात्रसंघ भवन के सामने 710 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल और जिलाधिकारी से शिकायत की थी। छात्रों ने छात्रवृत्ति बायोमेट्रिक के नाम पर मनमानी, अवैध वसूली और कॉलेज परिसर के बाहर व्यवस्था संचालित किए जाने सहित कई समस्याएं उठाई थीं। इसी शिकायत का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी स्वयं पीजी कॉलेज पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रों ने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। छात्र नेताओं का आरोप था कि कॉलेज प्रशासन की ओर से उनकी शिकायतों को दबाने और उन्हें मौके से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक की प्रक्रिया महाविद्यालय परिसर के अंदर ही संचालित होगी। छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए मशीनों और काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। पूरी प्रक्रिया 24 घंटे निःशुल्क संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। छात्रों की ओर से कॉलेज प्रशासन और परिसर के बाहर स्थित दुकानों पर बायोमेट्रिक के नाम पर पूर्व में अवैध वसूली किए जाने की शिकायत भी की गई। इस पर जिलाधिकारी ने जांच कराने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ने कहा कि 710 छात्रों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई आवाज का असर अब दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं और कैंपस के अंदर 24 घंटे निःशुल्क बायोमेट्रिक कराने का निर्देश दिया है। छात्र नेता आकाश चौधरी ने कहा कि बायोमेट्रिक के नाम पर कथित अवैध वसूली और मनमानी की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और छात्रों का शोषण पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, निलेश बिंद और अभिषेक चौरसिया ने कहा कि मशीनों और काउंटरों की संख्या बढ़ने तथा 24 घंटे निःशुल्क व्यवस्था होने से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि 4 और 5 नवंबर को 710 छात्रों ने हस्ताक्षर कर अपनी समस्याओं को उठाया था। जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचने और निर्देश देने से छात्रों की मांगों को मजबूती मिली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई होने तक छात्र अपनी निगरानी और संघर्ष जारी रखेंगे। इस मौके पर मोहित यादव, विजेंद्र यादव, राज सिंह, पवन यादव, प्रिंस कुशवाहा, निशांत वर्मा, खुशी कुमारी, नैंसी वर्मा, सुभद्रा सिंह, जिक्रा अली, नेहा सिंह आदि रहे।

