पतरहीं : छठ पूजा से पहले युवाओं ने श्रमदान कर पोखरे की कराई साफ-सफाई, व्रती महिलाओं को मिलेगी राहत

पतरहीं। छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए पतरही क्षेत्र के दुधौड़ा गांव में युवाओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर सराहनीय पहल की। युवा साथियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए गांव स्थित पोखरे की साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य किया। साथ ही पोखरे के आसपास फैली गंदगी को भी साफ किया, ताकि छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। युवाओं ने बताया कि छठ महापर्व पर गांव की माताएं और बहनें इसी पोखरे पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में घाट और पोखरे की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से युवाओं ने स्वयं आगे आकर सफाई और मरम्मत का कार्य किया। इस पहल से गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के साथ ही सामूहिक सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया। युवाओं की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। इस मौके पर समाजसेवी विशाल चौधरी, रामनारायण, शिवनारायण, श्यामनारायण, राज, दिलीप कन्नौजिया, गोलू आदि रहे।

