औड़िहार : महापर्व छठ को लेकर औड़िहार के वाराह घाट पर तैयारियां तेज, गंगा किनारे मिट्टी काटकर बनाई जा रहीं अस्थाई सीढ़ियां, साफ-सफाई व रंगाई-पुताई भी शुरू





औड़िहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर औड़िहार स्थित वाराह घाट पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाट की साफ-सफाई से लेकर संपर्क मार्गों को व्यवस्थित करने का काम तेजी से कराया जा रहा है। घाट परिसर में स्थित मंदिरों की रंगाई-पुताई भी कराई जा रही है, जिससे पर्व के अवसर पर पूरा परिसर स्वच्छ और आकर्षक दिखाई दे। फोरलेन से वाराह घाट तक जाने वाले संपर्क मार्ग के दोनों किनारों पर उगी घास-फूस और झाड़ियों की सफाई कराई गई है। वहीं आदित्य बिड़ला पक्का घाट से लेकर गंगा के कच्चे किनारों तक मिट्टी की कटाई कर सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को गंगा तट तक पहुंचने में सुविधा देना है, ताकि वे आसानी से अपनी पूजा की बेदी बनाकर पूजन-अर्चन कर सकें। घाट के व्यवस्थापक मदन सिंह ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए घाट से लेकर पूरे गांव तक रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। पर्व के दिन व्रती श्रद्धालुओं के लिए चाय-पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि गंगा नदी में पानी की गहराई को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर बल्लियों और रस्सियों के माध्यम से बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि लोग निर्धारित सुरक्षित दायरे में रहकर ही स्नान और पूजा कर सकें। मदन सिंह ने श्रद्धालुओं से गंगा की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पूजा के बाद फूल-माला, कचरा और अन्य पूजन सामग्री नदी में न फेंकें। मां गंगा को प्रदूषण से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन और घाट प्रबंधन की ओर से की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन करने की भी अपील की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : रास्ते से आवागमन के विवाद में तीन गिरफ्तार, भेजे गए जेल
जखनियां : छठ पूजा को लेकर बेसो नदी के घाटों की कराई गई सफाई, जेसीबी से सुधारे गए रास्ते >>