जखनियां : छठ पूजा को लेकर बेसो नदी के घाटों की कराई गई सफाई, जेसीबी से सुधारे गए रास्ते

जखनियां। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को देखते हुए गोडिहरा गांव में बेसो नदी के किनारे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाजसेवी मुकेश तिवारी की पहल पर नदी के किनारे स्थित छठ घाटों, पूजा की वेदियों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई कराई गई। जेसीबी मशीन की मदद से घाटों और रास्तों को व्यवस्थित किया गया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस अभियान में गांव के लोगों ने भी श्रमदान और सहयोग के माध्यम से सहभागिता निभाई। सामूहिक प्रयास से नदी किनारे छठ पूजा के लिए निर्धारित स्थलों की सफाई कराई गई और आवागमन के रास्तों को सुगम बनाया गया। अभियान का नेतृत्व अधिवक्ता व विहिप काशी प्रांत के जिला विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सामूहिक सहभागिता से गांव में आपसी सहयोग, भाईचारा और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर राकेश तिवारी, कमलेश तिवारी, गणेश, किशन, कान्हा, शंभू खरवार, रवि गोंड आदिरहे।

