जखनियां : छठ पर्व को लेकर पुलिस ने किया घाटों का निरीक्षण, ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक





जखनियां। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में भुड़कुड़ा कोतवाली के एसएसआई सैफ व जयप्रकाश ने हमराहियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुड़ियारी पोखरा, तालगांव स्थित बेसो नदी, कुड़िला के पास बेसो नदी, कौला जखनियां पोखरा और धरहमीर सहित अन्य स्थानों पर बने घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने घाटों पर पानी की गहराई, सुरक्षा व्यवस्था और छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर जानकारी ली। एसआई ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि पूजा के दौरान बच्चों को तालाब और नदी के किनारे अकेले न जाने दें। घाटों पर भीड़ के समय अभिभावक बच्चों पर विशेष नजर रखें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जहां पानी अधिक गहरा हो, वहां बांस-बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग कराएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही खड़े होकर पूजा करने और पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : मां के त्याग और तीन भाईयों की मेहनत ने राजकुमार पाल को ओलंपिक व अर्जुन अवार्ड तक पहुंचाया, कभी अभावों में पला परिवार आज पूरे देश में बना पहचान
करंडा : छठ पूजा की तैयारियों के दौरान कच्ची दीवार गिरने से गृहस्वामिनी की दर्दनाक मौत, 2 दिसंबर को होने वाली थी बेटी की शादी >>