अनौनी : मां के त्याग और तीन भाईयों की मेहनत ने राजकुमार पाल को ओलंपिक व अर्जुन अवार्ड तक पहुंचाया, कभी अभावों में पला परिवार आज पूरे देश में बना पहचान

रानू पांडेय की विशेष खबर
अनौनी। कभी जिस परिवार के सामने दो वक्त की रोटी जुटाना भी चुनौती थी, आज उसी परिवार का बेटा देश के प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने जा रहा है। यह कहानी है हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल की, जिनकी सफलता के पीछे मां मनराजी देवी का त्याग, तीन भाइयों का संघर्ष और करमपुर के मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 13 नवंबर को राजकुमार पाल को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। राजकुमार के बचपन में ही पिता का साया सिर से उठ गया था। इसके बाद मां मनराजी देवी ने तमाम आर्थिक और पारिवारिक मुश्किलों के बीच जोखन, राजू और राजकुमार की परवरिश की। परिवार में अभाव जरूर थे, लेकिन मां ने कभी बेटों के हॉकी खेलने और आगे बढ़ने के सपनों को टूटने नहीं दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटों को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया और हर मुश्किल में उनका हौसला बढ़ाया। इस संघर्ष में करमपुर स्टेडियम के संस्थापक स्व. तेजबहादुर सिंह परिवार के लिए बड़ा सहारा बने। उन्होंने तीनों भाइयों को स्टेडियम में रहने, खाने और हॉकी का प्रशिक्षण लेने की सुविधा उपलब्ध कराई। यहां मिले बेहतर माहौल और मार्गदर्शन ने तीनों भाइयों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर दिया। धीरे-धीरे तीनों ने हॉकी के मैदान में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी। बड़े भाई जोखन पाल और राजू पाल ने भी हॉकी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि राजकुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पेरिस ओलंपिक तक का सफर तय किया। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के वह अहम सदस्य रहे। उनकी खेल उपलब्धियों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने उन्हें पुलिस उपाधीक्षक के पद की जिम्मेदारी भी सौंपी। अब 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने जा रहे राजकुमार पाल की उपलब्धि ने वर्षों पहले शुरू हुए संघर्ष को नई पहचान दी है। यह सम्मान सिर्फ राजकुमार की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि मां मनराजी देवी के त्याग, भाइयों की मेहनत और करमपुर स्टेडियम से मिले सहयोग की भी उपलब्धि है। कभी बेटों के हॉकी खेलने के लिए संघर्ष करने वाली मां के लिए यह पल जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक होगा। राजकुमार की इस उपलब्धि से करमपुर सहित पूरे गाजीपुर जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।

