करंडा : छठ पूजा की तैयारियों के दौरान कच्ची दीवार गिरने से गृहस्वामिनी की दर्दनाक मौत, 2 दिसंबर को होने वाली थी बेटी की शादी

करंडा। थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित अमवा गांव में गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक हादसा हो गया। छठ पूजा की तैयारी के लिए घर में साफ-सफाई कर रही 45 वर्षीय महिला विमला देवी के ऊपर अचानक कच्ची दीवार गिर गई। मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। छठ पर्व की तैयारियों में जुटे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गांव निवासिनी विमला देवी पत्नी रमाशंकर यादव घर में छठ पूजा की तैयारी के लिए साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह मलबे में दब गईं और उनकी मौत हो गई। उनके पति रमाशंकर यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। विमला देवी के दो बेटे कृष्णा और आयुष तथा दो बेटियां सोनम और साक्षी हैं। मां की मौत से चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की बड़ी बेटी सोनम की शादी आगामी दो दिसंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार में उत्साह का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है। मां की मौत से शादी वाले घर में कोहराम मचा हुआ है। इस बाबत एसओ संतोष कुमार पाठक ने बताया कि घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

