गाजीपुर : सदर के कलौना में एसआईआर के लिए सहयोग कार्यालय का हुआ उद्घाटन, कार्यकर्ताओं से अपील

गाजीपुर। भाजपा के सदर विधानसभा की गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के लिए सोमवार को छावनी लाइन स्थित कलौना गांव में सहयोग कार्यालय का उद्घाटन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय व राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत ने फीता काटकर शुभारंभ किया। रास सांसद ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाता सूची गहन पुनर्निरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी का सपना विकसित भारत के निर्माण का है। उस लक्ष्य की पूर्ति के लिए भाजपा का लगातार सरकार में होना जरूरी है। कहा कि भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार और अशुद्धियों से मुक्त शुचितापूर्ण व शुद्ध मतदाता सूची का होना बहुत जरूरी है। कहा कि आगामी 2027 के चुनाव में गाजीपुर के विकास के लिए जनपद की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित हो, ये हमारा नैतिक कर्तव्य है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भाजपा के देश और प्रदेश नेतृत्व के अपेक्षाओं पर खरे उतरना हमारे कार्यों का लक्ष्य है। व्यस्तताओं तथा बाधाओं के बीच संगठन लक्ष्य को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदैव सफल बनाया है। इसके बाद मंडल वार जानकारी लेते हुए कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि मतदाता सूची में सभी पात्रों के नाम होना तथा सूची का शुद्ध होना मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कहा कि यह पुनरीक्षण अभियान देश के विकास की निष्ठा में निहित सरकार का अतुलनीय और सराहनीय कार्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा की राजनीति राष्ट्र सेवा का कार्य है। इस मौके पर अवधेश राजभर, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष साधना राय, संकठा प्रसाद मिश्र, अमरेश गुप्ता, शशिकान्त शर्मा, कार्तिक गुप्ता, अभिनव सिंह छोटू, किरण सिंह, प्रीति गुप्ता, काशी चौहान, राणा सिंह, बलवंत बिंद, रासबिहारी राय, गोपाल राय आदि रहे। संचालन अच्छेलाल गुप्ता व आभार प्रवीण सिंह ने ज्ञापित किया।

