सैदपुर : ‘मां, अभी साइकिल चलाकर आता हूं’ कहकर आगापुर से निकला बालक 24 घंटों बाद भी नहीं पहुंचा घर, मीलों दूर मिली साइकिल

सैदपुर। थानाक्षेत्र के राजापुर उर्फ रामचरनपुर गांव निवासी बालक को लापता हुए 24 घंटों से अधिक हो गए लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार को परिजनों की तहरीर के आधार पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश काफी तेज कर दी है। आगापुर गांव निवासी महज 11 वर्ष का बालक लकी कन्नौजिया पुत्र चंदन कन्नौजिया रविवार की अपराह्न मां नेहा देवी से कहकर साइकिल से निकला कि अभी आ रहा है लेकिन घंटों बाद भी वो नहीं आया। काफी देर तक जब वो नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने काफी जगह तलाश की लेकिन वो नहीं मिला। जिसके बाद थाने में तहरीर दी गई। सोमवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो वो भीमापार के गांधी चौराहा स्थित सीसीटीवी फुटेज में साइकिल से अकेले सैदपुर की तरफ जाता दिखा। जिसके बाद तलाश तेज हुई, इस बीच सूचना मिली कि औड़िहार में लावारिस साइकिल मिली है। परिजन वहां पहुंचे तो औड़िहार जंक्शन के बाहर एक पान की दुकान के बाहर उसने अपनी साइकिल खड़ी की थी। जिसके बाद साइकिल अपने कब्जे में लेकर वापस आए। बालक की मां ने रोते हुए उसे सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। वहीं उनकी तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

