सैदपुर : यूपी की विधानसभा में गूंजा पत्रकार सुरक्षा का मुद्दा, बजट सत्र में विधायक अंकित भारती ने उठाई भितरी बाजार की प्रमुख मांग

सैदपुर। विधानसभा के विधायक अंकित भारती ने प्रदेश के बजट सत्र में सैदपुर को लेकर कई मांगें उठाई हैं। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के साथ ही उनके लिए सुविधाओं व भितरी बाजार की दशकों पुरानी जलजमाव की समस्या को बजट सत्र में उठाया है। जिसके बाद क्षेत्रीय लोगों में हर्ष का माहौल है। उन्होंने बजट को हवा हवाई बताते हुए कहा कि सरकार का दावा गलत है। ये बजट जनता के घावों पर नमक है। कहा कि कहा कि सरकार कहती है कि प्रदेश सुरक्षित है, अगर ऐसा है तो 2017 से अब तक महिलाओं व दलितों के खिलाफ मामले क्यों आ रहे हैं? कहा कि हाथरस हो या उन्नाव, लखीमपुर खीरी हो या बदायूं या बलिया की घटनाएं हों, सभी से पूरे देश की आत्मा हिल गई। कहा कि एनसीआरबी के मामलों में भी प्रदेश लगातार अधिक आंकड़ों में दिखता है। कहा कि सरकार बेटी बचाओ कहती है लेकिन बेटी बची कहां है। महिला हेल्पलाइन, पिंक बूथ आदि पर सवाल खड़ा किया। कहा कि संविधान ने समानता का अधिकार दिया लेकिन दलितों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। कहीं जमीनी विवाद में हत्या तो कहीं दबंगई तो कहीं असामाजिक मामले सामने आ रहे। हाथरस की घटना को प्रदेश की व्यवस्था पर सवाल बताया। कहा कि किसान अपने फसल की लागत नहीं निकाल पा रहे, पेपर लीक से छात्र परेशान है तो महंगाई से व्यापारी अपनी दुकानों को बंद कर रहा है। उन्होंने एमएसपी कानून की गारंटी की मांग की। बजट पर कहा कि हर बार एक ही भाषण व वादे होते हैं लेकिन नया कुछ नहीं होता। कहा कि बजट में मध्यम व गरीब वर्ग को राहत नहीं है। कहा कि बेरोजगारी पर सरकार चुप है। युवा नौकरी चाहता है लेकिन नहीं मिलती। बजट के बाबत कहा कि रोजगार की नीति गायब है। पूछा कि वादे की स्कूटियां कहां हैं। उन्होंने मांग किया कि यूपी के ग्रामीण पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित अन्य समस्याओं के लिए बजटीय प्रावधान किए जाएं। साथ ही सैदपुर में रावल मोड़ से चोचकपुर तक, हसनपुर से ददरा, बौरवां से सियावां व पतरहीं से नेवादा तक की सड़क सहित भितरी बाजार में कई दशकों से चली आ रही जलनिकासी की भीषण समस्या को खत्म कराकर वहां की सड़क मरम्मत कराने की मांग की। इसके अलावा उसरहां में खारा पानी आने की गंभीर समस्या को सदन में उठाते हुए कहा कि इसके चलते वहां के लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। उन्होंने चकेरी धाम, शेखशाह सम्मन, बूढ़ेनाथ महादेव घाट व भितरी के अशोक लाट के सुंदरीकरण की भी मांग की। मांग किया कि महिलाओं के लिए विशेष बजट लाए जाएं। इसके अलावा पीडीए समाज के लिए विशेष अभियान चलाकर भर्ती किया जाए। कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी है, ऐसे में चिकित्सकों की भर्ती करें। अंत में कहा कि ‘राम के नाम पर सत्ता की सीढ़ी चढ़ते रहे, मंदिर की आड़ में मुद्दे को दबाते रहे, रोजगार, किसान व शिक्षा बस मौन पड़े, वो बस भाषणों में प्रदेश को सजाते रहे’।

