कासिमाबाद : दुकान का सामान खरीदने जा रहे व्यवसायी को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, मौत के बाद हाहाकार, पिकअप फरार

कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के गंगौली चट्टी पर सोमवार को तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंद दिया। जिसमें बाइक सवार किराना व्यवसायी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों में हाहाकार मच गया। क्षेत्र के गंगौली निवासी 26 वर्षीय चंदन गुप्ता पुत्र स्व. हरी प्रसाद गुप्ता कासिमाबाद चौराहे पर किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार को वो कुछ सामान खरीदने अलावलपुर बाजार गया था और वहां से बाइक से अपनी दुकान जा रहा था। अभी वो चट्टी पर पहुंचा ही था कि तभी तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंद दिया और फरार हो गया। जिसमें चंदन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का पता चलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक 3 भाईयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद मां जानकी बार-बार अचेत हो जा रही थीं। मृतक के भाई जवाहिर ने थाने में तहरीर दी है।

