गाजीपुर : हाईवे पर अवैध कट बनाने वालों पर सीसीटीवी फुटेज से दर्ज होगा मुकदमा, राहवीर योजना का प्रसार करने का निर्देश

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम अविनाश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभागीय अधिकारी खुद बैठक में उपस्थित हों और अपने विभाग की कार्यवाही की अनुपालन आख्या क्रमिक माह व पिछले वर्ष के तुलनात्मक विवरण के साथ प्रस्तुत करें। हिट एंड रन मामलों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के बाबत पुलिस विभाग को मीडिया प्रचार और कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने बताया कि वर्तमान में जिले में हिट एंड रन का कोई मामला लंबित नहीं है। वहीं यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं का माहवार व वर्षवार विवरण पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसकी डीएम ने सराहना की। इसके अलावा विद्यालय आने-जाने वाले वाहनों की संयुक्त जांच के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात विभाग व प्रवर्तन अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने बिना हेलमेट, दो से अधिक सवारी या बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने व अर्थदंड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही राहवीर योजना के तहत दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार की जानकारी प्रचारित करने का निर्देश दिया। डीएम ने राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर थर्मोप्लास्टिक लाइनिंग, रेट्रो- रिफ्लेक्टिव साइन, बैरिकेडिंग और गड्डों की मरम्मत तत्काल कराने को कहा। हाईवे पर अवैध पार्किंग, रांग साइड ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने वाराणसी-गाजीपुर एनएच पर अवैध कट बनाने वालों के विरुद्ध सीसीटीवी के आधार पर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।

