दिलदारनगर : कथित रूप से पेट में कैंची छोड़ने के चलते चर्चित न्यू खुशी अस्पताल पर आरोप, ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, तहरीर

दिलदारनगर। ऑपरेशन के दौरान पेट में कथित रूप से कैंची छोड़ने के चलते चर्चाओं में आया थानाक्षेत्र के दिलदारनगर का न्यू खुशी अस्पताल एक बार फिर से चर्चाओं में आ गया है। यहां प्रसव के लिए लाई गई प्रसूता की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही से इलाज करने के चलते विवाहिता की मौत का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भरवलियां गांव निवासी शत्रुघ्न राजभर की पत्नी 30 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी गर्भवती थी। इस बीच इसी रविवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई तो उसे दिलदारनगर के न्यू खुशी हॉस्पिटल में लाया गया। यहां कुछ देर बाद ऑपरेशन कर बच्चे को पैदा कराया गया। पति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते बीती रात करीब 10 बजे अचानक पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे फौरन लेकर हम वाराणसी गए लेकिन आधे घंटे बाद ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं उसकी मौत के बाद भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मृतका के पति ने थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि पूर्व में भी यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसा ही एक मामला आया था, जिसमें एक महिला के पेट में कैंची छोड़ दी गई थी। बहरहाल, मृतका अपने पीछे 3 पुत्रियां सहित एक अबोध नवजात छोड़ गई है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

