जमानियां : अपनी विधवा मां व भाभी को आए दिन पीटता था मनबढ़, पिटाई से घायल पीड़िता ने अपने ही बेटे पर दर्ज कराया मुकदमा

जमानियां। थानाक्षेत्र के लोदीपुर स्थित चांदपुर नई बस्ती में मनबढ़ किस्म के सगे बेटे ने अपनी विधवा मां व अपनी भाभी को लाठी डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। जिसके बाद पीड़िता ने थकहार कर आखिरकार थाने में तहरीर देकर अपने ही बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। गांव निवासिनी जयमाला पांडेय के पति विनय पांडेय की मौत हो चुकी है। ऐसे में वो अपने बेटे आकाश पांडेय व उसकी भाभी भारती पांडेय के साथ रहती हैं। आकाश पांडेय बेहद मनबढ़ किस्म का है और वो आए दिन अपनी विधवा मां व भाभी को अकारण ही पीटता रहता है। जिससे वो आजिज आ चुकी हैं। इस बीच बीते दिनों उसने भारती को बेहद पीटा, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। जिसके बाद बेटे की पिटाई का विधवा मां पर इतना खौफ छा गया कि वो बहू भारती के साथ रहने के लिए अपनी बेटी पूजा के घर प्रयागराज चली गईं और वहीं पर पिटाई से घायल भारती का इलाज कराया। लेकिन काफी दिनों तक वहां रहने के बाद जब 3 दिनों पूर्व जब वो घर आईं तो मनबढ़ बेटे ने गालियां देते हुए दोनों को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। मामला जानने के बाद पुलिस भी दंग रह गई कि पिता की मौत के बाद सगा बेटा ही अपनी मां को पीट रहा है। बहरहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

