गाजीपुर : यूपी बोर्ड परीक्षाओं में तनाव से कैसे बचें, परीक्षा विशेषज्ञों ने छात्रों के लिए बताए कई उपाय

गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान अक्सर छात्र एवं छात्राएं तनाव में आ जाते हैं। तनाव में आने से उनकी परीक्षाएं खराब हो जाती हैं और परिणाम उनकी उम्मीद के विपरीत आता है। तनावग्रस्त छात्र अच्छी तरह से पढ़ नहीं पाता है। जिससे बात-बात में उसे गुस्सा आ जाता है और वो हमेशा शांत एवं उदास रहता है। तनाव में जब छात्र पढ़ नहीं पाता है तो उसमें चिड़चिड़ेपन के लक्षण भी दिखाई देने लगते हैं। उसके खान-पान की दिनचर्या भी अनियमित हो जाती है। उनका मन हमेशा अशांत बना रहता है। उस समय छात्र जो भी कुछ पढ़ता है, वह उसके दिमाग में नहीं बैठता है। वह जल्दी ही पढ़ी हुई विषय वस्तु भूल जाता है। परीक्षा के दौरान तनाव ग्रस्त छात्र एवं छात्राओं को किस तरह से तनाव मुक्त किया जाए। इस संबंध में कुछ प्रधानाचार्यों और अधिकारियों ने अपनी सलाह दी है। राबाइंका की प्रधानाचार्य मंजू प्रकाश ने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्रों को तनाव से मुक्त रहना चाहिए। क्योंकि तनाव में रहकर छात्र अपने विषय वस्तु को अच्छी तरह से पढ़ नहीं सकता है। उसे समझ नहीं सकता है और उसे परीक्षा में अच्छी तरह से लिख या प्रस्तुत नहीं कर सकता है। इसका प्रतिकूल प्रभाव उसके परीक्षा परिणाम पर पड़ता है। छात्रों को चाहिए कि वह अपनी पढ़ी हुई सामग्री को दोहराते रहें। समय सारिणी बना कर पढ़ें और पूरी नींद सोएं। इस दौरान उसे अपने माता-पिता एवं बड़ों से सलाह मशवरा करते रहना चाहिए। इससे उनका तनाव दूर होगा। गाजीपुर के राजकीय सिटी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य दिनेश यादव ने कहा कि परीक्षा के दौरान अक्सर यह देखने को मिलता है कि छात्र अपनी तैयारी को लेकर तनावग्रस्त हो जाते हैं। तनावग्रस्त छात्र का मन पढ़ने में नहीं लगता है। वह हर समय शांत और उदास रहता है। उसका मन पढ़ने में भी नहीं लगता है और उसे विषय वस्तु भी याद नहीं होती है। ऐसी स्थिति में अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों को परीक्षा से पूर्व इस तरह तैयार करें कि वह परीक्षा के बोझ या डर से उबर कर तनाव मुक्त हो लें और परीक्षा दें। इसमें अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। छात्रों को अभिभावक सलाह देते रहें कि वे टाइम टेबल के अनुसार पढ़ाई करें। पूरी नींद सोएं, पौष्टिक भोजन करें, इससे उसका मन शांत रहेगा और जो पढ़ेंगे वह उन्हें याद होता रहेगा। पूर्व संयुक्त शिक्षा निदेशक चन्द्रजीत सिंह यादव ने कहा कि परीक्षा का भय और डर हर परीक्षार्थी में होता है। परीक्षा चाहे छोटे स्तर की हो या बड़े स्तर की। बोर्ड परीक्षा में तो अक्सर परीक्षार्थियों में यह देखा जाता है कि वह तनाव में रहते हैं। उन्हें तनाव मुक्त करने के लिए उचित सलाह दी जानी चाहिए। यह सलाह अध्यापकों और घर परिवार के लोगों द्वारा दिया जाना ज्यादा कारगर होती है। उन्हें यह बताया जाना चाहिए कि वह तनाव से दूर रहने के लिए योगासन एवं व्यायाम करें। बैठे और गहरी सांसें लें, पर्याप्त पानी पिएं। इससे उनके अंदर जो परीक्षा का भय या डर होगा और जो तनाव उसमें उत्पन्न हुआ है, वह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने परीक्षार्थियों को सलाह दी कि वे अपने भोजन पर भी ध्यान दें। पौष्टिक भोजन करना करें। तनाव को कम करने के लिए हरी सब्जियों का सेवन करें, नारियल का पानी पिएं, केला खाएं। इससे तनाव दूर होगा और अच्छी तरह से परीक्षा दे सकेंगे। यूपी बोर्ड के पूर्व उप सचिव डॉ. रामअवतार यादव ने कहा कि परीक्षा के दौरान तनावग्रस्त रहने से परीक्षार्थी में पुराने दर्द उभर आते हैं। उसमें अनिद्रा की शिकायत होती है। कब्जियत बढ़ जाती है। वह निर्णय लेने या ध्यान केंद्रित करने में अपने को अक्षम साबित पाता है। उसे थकान महसूस होती है। इसके अलावा उसका सिर दर्द बढ़ जाता है। पेट खराब हो जाता है और हाई ब्लडप्रेशर की शिकायत होने लगती है। सीने में दर्द भी उसे महसूस होता है। इन परिस्थितियों में रहकर परीक्षार्थी का मन अशांत हो जाता है। वह उदास कुंठित हो जाता है। उसका मन पढ़ने में नही लगता है। इसलिए उसे सुझाव देने की जरूरत रहती है कि वह तनाव से मुक्त रहे। इसके लिए योगासन करें, पूरी नींद सोएं, पौष्टिक आहार लें। पढ़ाई थोड़ा-थोड़ा अंतराल के बाद करें। पढ़ी हुई चीज को दोहराते रहें। खूब पानी पिएं और बड़े लोगों एवं अध्यापकों के सुझाव लेते रहें। इससे उसका तनाव दूर होगा और परीक्षा में उसका प्रस्तुतीकरण बेहतर होगा।

