रेवतीपुर : सुजानपुर पहुंची पंकज महाराज की 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा, मांसाहार व नशे का सेवन छोड़ने की अपील





रेवतीपुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था प्रमुख पंकज महाराज की चल रही 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा का 71वां पड़ाव रेवतीपुर स्थित सुजानपुर में हुआ। जहां रविवार को सत्संग करते हुए संत पंकज महाराज ने कहा कि परम पिता ने अति दया करके आपको यह मनुष्य शरीर दे दिया और आपको स्वतंत्र कर दिया। देते समय कहा कि तुम मेरे द्वारा दिये गये किराये के मकान में रहकर अपनी आत्मा का कल्याण करा लेना। समय पूरा होने पर मैं अपने सिपाहियों को भेजूंगा, तुम मेरा मकान खाली कर देना। उस समय न जमीन जायदाद काम आयेगी, न जाति बिरादरी काम आयेगी। सब कुछ आपका यहीं छूट गया और इस जीवात्मा को ले जाकर ऊपर धर्मराज की कचहरी में पेश कर दिया गया। पलक झपकते ही तुम्हारे अच्छे-बुरे कर्मों का हिसाब हो जायेगा। धर्मराज तुमको सजा सुना देंगे कि ले जाओ इनको फला नर्क में डाल दो क्योंकि मैंने इनको मौका दिया था कि अबकी बार किसी सन्त महात्मा की खोज करके उनके द्वारा बताये रास्ते पर चल करके अपनी जीवात्मा का कल्याण करा लेना। लेकिन इन्होंने अपनी आत्मा का कल्याण नहीं किया। इन्होंने मनुष्य शरीर प्राप्त करके न तो भजन किया न भक्ति किया और हमारे दिये गये शरीर को अपने कर्मों से गन्दा कर दिया। इसलिये इनको अपने कर्मों की सजा अवश्य मिलेगी। बहुत से लोग यह विचार कर सकते हैं कि जब यह शरीर यहीं छूट गया तो सजा किसे मिलेगी, लेकिन उन्हें यह ज्ञान नहीं है कि इस भौतिक शरीर के बाद 17 तत्वों की लिंग शरीर जो इस शरीर से मिलती है, उसी में जीवों को कर्म भुगतान कराये जाते हैं। संत महात्मा साधना करके उपर जाते हैं, वे इन दृश्यों को देखकर द्रवित हो जाते हैं और जीवों को बचाने का उपदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती हिंसा और अपराध की प्रवृत्ति अशुद्ध खान-पान के कारण है। इसके लिये जरूरी है कि सभी लोग शाकाहारी बनें और शराब व अन्य नशीले पदार्थों का त्याग करें। थोड़ा सा समय भगवान के भजन के लिये भी निकालें। ऊपरी मण्डलों से आ रही आकाशवाणी, अनहदवाणी को आत्मा के कान से सुनने को भजन कहते हैं। इस मौके पर जंगबहादुर सिंह यादव, तुलसीराम प्रधान, सत्येंद्र यादव, मनीष सिंह, रामअवध यादव, अमरजीत, बृजराज, विजय पाल सिंह, आरपी तिवारी आदि मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : सिद्धपीठ हथियाराम मठ में महाशिवरात्रि पर हुए धार्मिक आयोजन, 51 वैदिक विद्वानों ने की असंख्य पार्थिव शिवलिंगों की पूजा
गाजीपुर : यूपी बोर्ड परीक्षाओं में तनाव से कैसे बचें, परीक्षा विशेषज्ञों ने छात्रों के लिए बताए कई उपाय >>