रेवतीपुर : शाम को भाई का होनी थी वररक्षा, कार्यक्रम के लिए टेंट लगा रहे किशोर की हाईटेंशन करंट से दर्दनाक मौत, लोगों में आक्रोश

रेवतीपुर। थानाक्षेत्र के सलीमपुर डेरा में मांगलिक कार्यक्रमों की खुशियों वाले घर में उस समय मातम पसर गया, जब चचेरे भाई की शादी की तैयारियों में जुटे किशोर की हाईटेंशन करंट की जद में आकर दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उतरौली गांव के सलीमपुर डेरा निवासी 16 वर्षीय जान मोहम्मद पुत्र कलीम के चचेरे भाई शेरू की शादी तय थी, जिसके लिए उसका वररक्षा कार्यक्रम आज ही शाम होना था। इसी कार्यक्रम के लिए वो घर पर टेंट लगा रहा था, तभी ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की जद में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इधर घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। मृतक की मां मीना तो वहीं पर अचेत हो गई। 3 भाईयों में सबसे छोटे जान के पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। वो 8वीं की छात्र था। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

