सैदपुर : महाशिवरात्रि पर शिवालयों में सावन के सोमवार से भी अधिक श्रद्धालु उमड़े, बूढ़ेनाथ महादेव पर किया दर्शन पूजन

सैदपुर। महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर रविवार को नगर के सभी शिवालयों में भारी भीड़ देखने को मिली। आमतौर पर सावन माह के सोमवार को जैसी भीड़ दिखती है, रविवार का अवकाश होने के चलते उसकी कई गुना अधिक भीड़ आज देखने को मिली। इस दौरान नगर के बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर, रंगमहल घाट स्थित शिव मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, औड़िहार के आदित्य बिड़ला घाट आदि पर श्रद्धालुओं की भोर से ही भीड़ उमड़ने लगी थी। पहले श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया और फिर मंदिर में पूजा अर्चना की। महाशिवरात्रि के दिन रविवार होने के चलते सावन के सोमवार की भीड़ से भी अधिक भीड़ मंदिरों व घाटों पर थी। बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगा नदी में डुबकी लगाने के लिए महिलाएं, पुरूष, बच्चे हर कोई उतावला था। हालांकि सुरक्षा के लिए रस्सियों व नाव से कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। इस दौरान रंगमहल घाट पर भी आयोजन किये गए, जहां भीड़ जुटी थी। इसके अलावा चौमुखनाथ धाम, बिछुड़ननाथ महादेव आदि मंदिरों में भी भोर से ही भारी भीड़ जुटी रही और शाम तक रही।

